Homeदेशचंद्रयान-4 चांद की सतह से मिट्टी और चट्टानों के नमूने एकत्रित कर...

चंद्रयान-4 चांद की सतह से मिट्टी और चट्टानों के नमूने एकत्रित कर पृथ्वी पर लौटेगा

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चंद्रयान-4 मिशन को स्वीकृति दे दी है. इस मिशन के तहत चंद्रयान चांद की सतह पर उतरेगा और वहां से मिट्टी व चट्टानों के नमूने एकत्र कर पृथ्वी पर वापस लौटेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रयान-4 के लिए 2104 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसका उद्देश्य 2040 तक चंद्रमा पर मानव मिशन उतारने की तकनीक विकसित करना है.

भारत ने अब तक तीन चंद्रयान मिशन सफलतापूर्वक लांच किए हैं. 2008 में चंद्रयान-1 ने चांद की परिक्रमा करते हुए आंकड़े जुटाए थे. 2019 में चंद्रयान-2 मिशन असफल रहा, लेकिन 2023 में चंद्रयान-3 मिशन सफलतापूर्वक चांद की सतह पर उतरा, जहां एक रोवर ने नमूनों का विश्लेषण किया और डेटा भेजा. चंद्रयान-4 इन सफलताओं को आगे बढ़ाएगा.

वीनस ऑर्बिटर मिशन को भी मंजूरी मिली है, जिसके तहत एक उपग्रह को वीनस की कक्षा में भेजा जाएगा. इस मिशन के लिए 1236 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 824 करोड़ रुपये अंतरिक्ष यान के निर्माण में खर्च होंगे.

चंद्रयान-4 की सफलता से भविष्य में मानव मिशन का रास्ता खुलेगा. इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने बताया कि इस मिशन से भारत चांद पर मानव मिशन भेजने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ेगा.

काफल ट्री लाइव के वाट्सएप्प ग्रुप से जुड़े : काफल ट्री लाइव वाट्सएप्प ग्रुप

यूट्यूब पर हमारी चुनिन्दा रपट देखें : काफल ट्री लाइव यूट्यूब
फेसबुक में हमें फॉलो करें : काफल ट्री लाइव फेसबुक
इंस्टाग्राम पर हमें फॉलो करें : काफल ट्री लाइव इंस्टाग्राम